अब्दुल्लाह बिन अब्बास रज़ियल्लाहु अनहुमा बता रहे हैं कि अल्लाह के नबी सल्लल्लाहु अलैहि व सल्लम माइज़ बिन मालिक असलमी पर व्यभिचार का शरई दंड लागू करने के बाद खड़े हुए, लोगों को संबोधित किया और इस दौरान फ़रमाया : अल्लाह के मना किए हुए इस जघन्न पाप तथा इस प्रकार के अन्य बुरे कार्यों से बचो। लेकिन अगर कोई इस तरह का काम कर गुज़रता है, तो उसपर दो चीज़ें अनिवार्य होंगी : 1- चूँकि अल्लाह ने पर्दा डाल रखा है, इसलिए अल्लाह के डाले हुए पर्दे में छुपा रहे और किसी को अपने गुनाह के बारे में न बताए। 2- अपने गुनाह पर जमे रहने के बजाय फ़ौरन तौबा कर ले। हाँ, अगर किसी का गुनाह हमारे सामने आ गया, तो हम अल्लाह की किताब में लिखे अनुसार उस गुनाह का दंड उसे देंगे।